उज्जैन संभाग में 81 शिव वाटिका बनाई गई

उज्जैन। पर्यावरण को बचाने के उद्देश्य से सरकार के मुखिया श्री शिवराज सिंह चौहान ने अपने जन्मदिन पर पौधे लगाने की जो शुरूआत की है, वह निरन्तर जारी है। नगरीय विकास एवं आवास मंत्री ने प्रदेश की नगरीय निकायों को पौधे लगाने का लक्ष्य दिया था। लक्ष्य की पूर्ति के लिये सतत उनके द्वारा समीक्षा भी की जा रही थी। इसका परिणाम यह हुआ कि प्रदेश के नगरीय निकायों में लक्ष्य से लगभग दो गुना अधिक पौधे लगाये गये। उन नगरीय निकायों में शिव वाटिका बनाकर पौधे लगाये। उज्जैन संभाग में 81 शिव वाटिका बनाई गई है।

मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने अपने जन्म-दिन पर जहाँ लाड़ली बहना योजना शुरू कर महिलाओं को प्रतिमाह 1000 रूपये देने की सौगात दी, वहीं लाड़ली बहनों और नागरिकों ने नगरीय निकायों में 52 हजार से अधिक पौधे लगा कर लाड़ले मुख्यमंत्री को जन्म-दिन की बधाई दी। नगरीय विकास एवं आवास मंत्री श्री भूपेंद्र सिंह ने मुख्यमंत्री के 64 वें जन्म-दिन पर नगरीय निकायों को 23 हजार 360 से अधिक पौधे लगाने का लक्ष्य दिया था। उन्होंने इस लक्ष्य की पूर्ति के लिए सतत समीक्षा भी की थी। परिणामस्वरूप नगरीय निकायों ने लक्ष्य से लगभग दोगुना 52 हजार से अधिक पौधे लगाए। सभी नगरीय निकायों में शिव वाटिका बना कर वहाँ पौधे लगाए गए।

मंत्री श्री सिंह ने बताया कि प्रदेश में 596 शिव वाटिका बनाई गई हैं। इनमें से भोपाल संभाग में 45, चंबल में 44, ग्वालियर में 63, इंदौर में 66, जबलपुर में 87, नर्मदापुरम में 19, रीवा में 80, सागर में 83, शहडोल में 28 और उज्जैन संभाग में 81 शिव वाटिका बनाई गई हैं। शिव वाटिकाओं का कुल क्षेत्रफल 12 लाख 22 हजार 107 वर्ग मीटर है। मंत्री श्री सिंह ने कहा कि सभी नगरीय निकायों में लगाए गए पौधों की पेड़ बनने तक सुरक्षा सुनिश्चित करें।

समस्त 413 नगरीय निकाय द्वारा निर्मित शिव वाटिका में पौध-रोपण लाड़ली बहनों, गणमान्य नागरिक एवं आमजन द्वारा किया गया। भोपाल में मुख्यमंत्री श्री चौहान एवं नगरीय विकास एवं आवास मंत्री श्री सिंह, महापौर श्रीमती मालती राय सहित अन्य जन-प्रतिनिधियों ने जम्बूरी मैदान के पास रिक्त स्थल पर नगर निगम द्वारा निर्मित शिव वाटिका में रूद्राक्ष, बेल, शमी, बरगद, पीपल, नीम आदि विभिन्न प्रजाति के 650 पौधे रोपित किये। नगरीय क्षेत्र इंदौर में सर्वाधिक 2150 पौधों का रोपण स्कीम नं. 71 के पास निर्मित शिव वाटिका एवं अन्य स्थानों पर किया गया। नगर निगम ग्वालियर में गौशाला एवं अन्य स्थानों पर 500 पौधों का रोपण किया गया। नगर निगम जबलपुर में शताब्दीपुरम् के पास शिव वाटिका का निर्माण कर 500 पौधे रोपे गए। प्रदेश के सभी 413 नगरीय निकाय द्वारा निर्मित शिव वाटिका में 52 हजार 272 पौधे लगाए गए हैं।

सभी 413 नगरों में विकसित होगी शिव वाटिका

मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि मेरे जन्म-दिवस पर प्रदेश के सभी 413 नगरों में 23 हजार 360 पौधे लगाने का संकल्प लेना मेरे लिए सुखद आश्चर्य है। मैंने अपने जन्म-दिवस पर प्रदेशवासियों से पौधे लगाने और जरूरतमंद लोगों की मदद करने की अपील की थी। इस अपील को पौध-रोपण के प्रदेश व्यापी अभियान का स्वरूप देना सराहनीय एवं अनुकरणीय है। मुख्यमंत्री श्री चौहान उनके 64 वें जन्म-दिवस पर "जीवन में आपके जितने दिन- हम रोपेंगे उतने पौधे गिन" की थीम पर अयोध्या नगर स्थित शिव वाटिका में पौध-रोपण कार्यक्रम में शामिल हुए। मुख्यमंत्री ने बरगद का पौधा रोपा।

 मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि अब तक के मेरे जीवन के कुल दिनों की संख्या में प्रदेश में पौधे लगाना पौध-रोपण का अद्भुत नवाचार है। मैंने 19 फरवरी 2021 से प्रतिदिन पौध-रोपण का संकल्प लेकर पौधा रोपना आरंभ किया। आज लगाए गए पौधों से, 19 फरवरी 2021 से पहले के जीवन में प्रतिदिन पौधे लगाने की कमी पूरी हो गई। पर्यावरण-संरक्षण के लिए प्रदेशवासियों की ऐसी पहल से हमें प्रदेश को हरा-भरा बनाने और आगामी पीढ़ी को विरासत के रूप में बेहतर धरती सौंपने में मदद मिलेगी। 

नगरीय विकास एवं आवास मंत्री श्री भूपेंद्र सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री श्री चौहान की अपील पर हुआ पौध-रोपण, किसी जन्म-दिवस पर इतने अधिक पौधे लगाने का संभवत: एक कीर्तिमान होगा। प्रदेश के नगरीय निकायों में विकसित शिव वाटिका की देखभाल और रख-रखाव की जिम्मेदारी नगरीय निकायों को दी जाएगी। यह पहल मुख्यमंत्री श्री चौहान के पर्यावरण-संरक्षण के संदेश को धरातल पर उतारने का सफल प्रयास सिद्ध हुई है। 

Comments