अवंतिकानाथ राजाधिराज भगवान महाकाल राजसी ठाट-बाट के साथ नगर भ्रमण पर निकले; भगवान महाकाल ने भक्तों को चारों रूप में दिये दर्शन
हर घर तिरंगा अभियान के तहत कलेक्टर एवं अध्यक्ष व पुलिस अधीक्षक ने की सहभागिता



उज्जैन। अवंतिकानाथ राजाधिराज भगवान श्री महाकाल श्रावण माह के चौथे सोमवार को राजसी ठाट-बाट के साथ अपनी प्रजा को दर्शन देने के लिए नगर भ्रमण पर निकले। भगवान महाकाल ने अपनी प्रजा को चार रूपों में दर्शन दिये। सवारी निकलने के पूर्व सभामंडप में भगवान चन्द्रमौलेश्वर का पूजन-अर्चन श्री आशीष सिंह कलेक्टर एवं अध्यक्ष श्री महाकालेश्वर मंदिर प्रबंध समिति एवं पुलिस अधीक्षक श्री सत्येन्द्र कुमार शुक्ल ने सपत्निक किया। पूजन पं. घनश्याम शर्मा द्वारा करवाया गया। इस अवसर पर महापौर श्री मुकेश टटवाल, विधायक श्री रमेश मैंदोला, पूर्व विधायक श्री सतीश मालवीय तथा मंदिर प्रबंध समिति के प्रशासक श्री गणेश कुमार धाकड, गणमान्य जनप्रतिनिधि उपस्थित थे।
श्री महाकालेश्वर मंदिर प्रबंध समिति के प्रशासक श्री गणेश कुमार धाकड ने जानकारी देते हुए बताया कि भगवान महाकाल की पालकी जैसे ही मंदिर के मुख्य द्वार पर पहंुची वैसे ही सशस्त्र पुलिस बल के (टुकडी) जवानों के द्वारा सलामी दी गई पालकी के आगे घुडसवार दल, सशस्त्र पुलिस बल के जवान की टुकडियां मार्च पास्ट करते हुए चल रही थी। राजाधिराज भगवान महाकाल की सवारी हजारों भक्त शिव का गुणगान करते हुए चल रही थी, तथा विभिन्न भजन मंडलियां झांझा मंजीरे, डमरू बजाते हुए चल रहे थे। सवारी मार्ग के दोनों ओर हजारों श्रद्धालु पालकी में विराजित चन्द्रमोलेश्वर के दर्शन के लिए खडे थे। 

जैसे ही पालकी उनके सामने से निकली वैसे ही भगवान के गुणगान एवं पुष्प वर्षा कर अपने आपको धन्य मान रहे थे। सवारी के आगे विभिन्न प्रकार के रंगों से रंगोली आदि बनाई जाकर बाबा महाकाल का स्वागत किया गया। 

श्री धाकड़ ने बताया कि, चतुर्थ सवारी में भगवान महाकाल उमामहेश स्वरूप में अपने भक्तों को दर्शन दिये। रजत जडित पालकी में भगवान श्री चन्द्रमोलेश्वर विराजित थे, और हाथी पर श्री मनमहेश, गरूड रथ पर श्री शिव तांडव की प्रतिमा और नंदी रथ पर उमामहेश विराजित थे। इस प्रकार चौथी सवारी में भगवान महाकाल ने चार रूपों अपने भक्तों को दर्शन दिये।

सवारी महाकाल मंदिर से गुदरी चौराहा, बक्षी बाजार, कहारवाडी होते हुए रामघाट पहंुची जहॉ क्षिप्रा के जल से भगवान महाकाल अभिषेक किया गया। पूजन-अर्चन पं.आशीष पुजारी द्वारा किया गया। इस अवसर पर घट्टिया विधायक श्री रामलाल मालवीय, बडनगर विधायक श्री मुरली मोरवाल, नगर निगम सभापति श्रीमती कलावती यादव एवं गणमान्य जनप्रतिनिधि उपस्थित थे। 

पूजन-अर्चन के बाद रामघाट से सवारी परंपरागत मार्ग से होते हुए शहर भ्रमण के लिये निकली।


हर घर तिरंगा अभियान के प्रचार-प्रसार हेतु कलेक्टर एवं अध्यक्ष श्री आशीष सिंह एवं पुलिस अधीक्षक श्री सत्येन्द्र कुमार शुक्ल ध्वज लेकर घोडे पर सवार होकर सवारी मार्ग पर निकले आगामी 13 से 15 अगस्त के बीच  ‘हर घर तिरंगा अभियान’ के तहत शहर के सभी घरों पर तिरंगा फहराया जायेगा। इस अभियान में आमजन की भागीदारी बढाने के लिए व जनचेतना जागृत करने हेतु भगवान महाकालेश्वर की चौथी सवारी में कलेक्टर एवं अध्यक्ष व पुलिस अधीक्षक सवारी के आगे- आगे घोडे पर सवार होकर राष्ट्रीय ध्वज लेकर चले और यह संदेश दिया कि, हर घर तिरंगा अभियान में उज्जैन के हर नागरिक को उत्साह पूर्वक भाग लेना है। इस हेतु अपनी भी सहभागिता की एवं व्यवस्थाओं पर पूर्ण रूप से निगरानी रख रहे थे।
भाद्रपद माह की पहली (पांचवी सवारी) 15 अगस्त 2022 को निकाली जावेगी। सवारी में होल्कर मुखरबिन्द के दर्शन होंगे।
Comments