एक ओर लॉकडाउन के चलते पुलिस दुकानें बंद करवाने में व्यस्त थी और दूसरी ओर पुरानी रंजिश के चलते बदमाशों ने युवक पर दागी गोली

उज्जैन। शहर में जहां एक और पुलिस लॉकडाउन के चलते दुकानें बंद करवाने में व्यस्त थी वहीं दूसरी ओर पुरानी रंजिश को लेकर बदमाशों ने एक युवक पर गोली चला दी। गोलीबारी के बाद घटनास्थल पर हड़कंप मच गया। गोलीबारी में घायल हुआ युवक बाइक से जान बचाकर भागा। भागते हुए वह आगरा रोड स्थित दरगाह के सामने जा गिरा।

माधव नगर अस्पताल के सामने स्थित ए पी एम चेंबर के सामने कीर्ति नगर निवासी लोकेश उर्फ़ काजू पिता रामचंद्र ठाकुर को आयुष उर्फ बच्चा ने पिस्टल से गोली मार दी। गोली लोकेश के पेट में जा लगी। घटना के समय लोकेश बाइक पर बैठा हुआ था। गोली लगते ही लोकेश बाइक लेकर जीरो पॉइंट ब्रिज से होता हुआ दरगाह मंडी चौराहे पर जा पहुंचा। जहां वह अचेत होकर सड़क पर जा गिरा। उसे गिरता देख मौके पर मौजूद चिमनगंज थाने का स्टॉप तत्काल इलाज के लिए जिला अस्पताल लेकर पहुंचा।

गोली की आवाज़ सुन घबराई जनता

माधव नगर अस्पताल के सामने गोलियों की आवाज से अफरा तफरी मच गई। बताया जा रहा है कि आयुष के साथ उसका एक साथी और था। जो की आयुष के साथ भाग निकला। वही घायल लोकेश के साथ भी एक युवक था। गोली चलते ही वह युवक भी अपनी बाइक छोड़कर भाग निकला। सूचना मिलते ही मौके पर माधव नगर थाना पुलिस पहुंच गई थी। पुलिस ने बाइक को अपने कब्जे में लेकर उक्त घटनाक्रम की जांच शुरू कर दी है।

पुरानी दुश्मनी को दिया अंजाम

थाना माधव नगर मनीष लोढा ने बताया कि आरोपियों और घायल के बीच पुरानी रंजिश चली आ रही थी। जिसको लेकर आरोपियों ने युवक पर गोली चला दी। आरोपियों ने दो फायर किए थे। जिसमें से एक गोली युवक के पेट में जा लगी। युवक की स्तिथि गंभीर बताई जा रही, जिसके चलते उसे इंदौर एम व्हाय हॉस्पिटल रेफर किया गया है। आरोपियों के संबंध में खोजबीन शुरू कर दी गई है।

Comments