तिरंगा हमारे देश की आन, बान, शान और स्वाभिमान का प्रतीक, उच्च शिक्षा मंत्री डॉ.यादव के नेतृत्व में तिरंगा यात्रा निकाली गई

उज्जैन।
आजादी के अमृत महोत्सव के अवसर पर उच्च शिक्षा मंत्री डॉ.मोहन यादव के निर्देशन में रविवार को प्रात: तिरंगा यात्रा निकाली गई। तिरंगा यात्रा में बड़ी संख्या में प्रत्येक वर्ग के व्यक्ति एवं शालाओं के छात्र-छात्राएं उपस्थित हुए। इस अवसर पर उच्च शिक्षा मंत्री डॉ.यादव ने यात्रा के शुभारम्भ अवसर पर कहा कि तिरंगा हमारे देश की आन, बान, शान और स्वाभिमान का प्रतीक है। उज्जयिनी पूरे देश में ही नहीं विश्व में पहचाना जाने वाला शहर है। उज्जयिनी शहर में कई वीर, महावीर और देश पर मर-मिटने वाले महान व्यक्ति आते रहे हैं। हमारे राष्ट्रीय तिरंगे में तीन रंग और चौथा रंग बीच में चक्र में तथा पांचवा रंग हमारे देश की सीमाओं पर रक्षा करने वाले जवानों के शहीद होने पर उनके खून से लथपथ होने पर उन्हें तिरंगे में लपेटकर उनके घर पहुंचाया जाता है। उच्च शिक्षा मंत्री डॉ.यादव ने उपस्थित जन-समुदाय से अपील की कि वे राष्ट्रीय पर्व स्वतंत्रता दिवस हर्षोल्लास और धूमधाम से मनायें और घर-घर तिरंगा फहरायें और दूसरों को भी तिरंगा फहराने की प्रेरणा दें।
तिरंगा यात्रा के शुभारम्भ अवसर पर श्री रूम पमनानी ने कहा कि हम देश के लिये मर-मिटने के लिये तैयार हैं। तिरंगा हमारा आन, बान, शान है, इसके लिये हम सबकुछ न्यौछावर कर सकते हैं। श्री सनवर पटेल ने कहा कि आजादी के अमृत महोत्सव के अन्तर्गत देश के प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने हर घर तिरंगा फहराने की अपील पर पूरा देश तीन दिन तक राष्ट्रमय होकर घर-घर तिरंगा फहराये हैं और तिरंगा यात्राएं निकाल रहे हैं। श्री अशोक प्रजापत, श्री विवेक जोशी, श्री जगदीश अग्रवाल, पूर्व महापौर श्रीमती मीना जोनवाल ने भी अपने विचार व्यक्त किये।
हर घर तिरंगा अभियान के लिये जन-जागरूकता एवं जन-सहभागिता प्राप्त करने के लिये उच्च शिक्षा मंत्री डॉ.मोहन यादव ने रविवार 14 अगस्त को प्रात: टॉवर चौक से तिरंगा यात्रा प्रारम्भ होकर तीन बत्ती चौराहा, देवास रोड, दुर्गा प्लाजा, संजीवनी हॉस्पिटल, पुलिस कंट्रोल रूम, भास्कर कार्यालय से शहीद पार्क पर समाप्त हुई। समापन अवसर पर उच्च शिक्षा मंत्री डॉ.यादव, सांसद श्री अनिल फिरोजिया, नगर निगम सभापति श्रीमती कलावती यादव, श्री राजेन्द्र भारती, श्री अनिल जैन कालूहेड़ा आदि ने शहरवासियों से अपील की कि वे प्रत्येक घरों में तिरंगा फहरायें और हर्षोल्लास के साथ पर्व को मनायें। इन्होंने कहा कि तिरंगा सभी धर्मों का होने के कारण हम सब एक साथ ऐतिहासिक रूप से स्वतंत्रता दिवस को मनायें। तिरंगा यात्रा रैली के प्रारम्भ में छात्रा द्वारा रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुती प्रस्तुत की। रैली में बालिकाओं ने डंडे घुमाकर बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए चल रही थी। तिरंगा यात्रा का जगह-जगह सामाजिक संगठनों, व्यापारिक संगठनों के पदाधिकारियों ने भव्य स्वागत किया।
इस अवसर पर श्री अशोक प्रजापत, श्री सनवर पटेल, श्री संजय अग्रवाल, श्री विवेक जोशी, श्री विशाल राजौरिया, श्री ओम जैन, आदि शामिल हुए। तिरंगा यात्रा में विभिन्न शालाओं के जैसे शासकीय उत्कृष्ट विद्यालय जाल सेवा, विजयाराजे दशहरा मैदान, निर्मला कांवेंट, सेंट थॉमस, भारतीय ज्ञानपीठ, उत्कृष्ट विद्यालय, एनसीसी, एनएसएस, उज्जैन पब्लिक, शासकीय कन्या स्नातकोत्तर महाविद्यालय, एडवांस कॉलेज, विक्रम विश्वविद्यालय आदि विद्यालयों, महाविद्यालयों के छात्र-छात्राएं आदि शामिल हुए।
Comments