प्याज के बाद अब आलू के बढ़े भाव; जानें क्यों बढ़े भाव




      नई दिल्ली। प्याज तो लोगों को रुला ही रहा था, अब आलू भी भाव खाने लगा है। आलम यह है कि पिछले एक सप्ताह में ही आलू की कीमतें दो गुने से ऊपर निकल गई हैं। कई राज्यों में नया आलू 30 से 40 रुपये प्रति किलोग्राम तक बिक रहा है। कीमतें चढ़ने की वजह पिछले दिनों हुई बारिश बताई जा रही है। ऐसे में आलू की आवक प्रभावित हुई है, जिससे भाव चढ़ गए हैं।




      एक सप्ताह पहले तक दिल्ली-एनसीआर, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, झारखंड और हिमाचल प्रदेश सहित उत्तर भारत के कुछ राज्यों में आलू की कीमत 12 से 20 रुपये प्रति किलोग्राम तक थी।
      अब दिल्ली-एनसीआर, झारखंड, छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश, पंजाब, हरियाणा और उत्तर प्रदेश में कीमत जहां करीब 30 रुपये प्रति किलोग्राम हैं, वहीं हिमाचल प्रदेश में यह सबसे महंगा बिक रहा है। यहां कीमतें 40 रुपये के पार पहुंच गई हैं। यहां कीमतों में आई तेजी की वजह दक्षिणी राज्यों में मांग बढ़ने के साथ ही पंजाब से आपूर्ति में कमी आना बताया जा रहा है। आपूर्ति हिमाचल प्रदेश में ही प्रभावित नहीं हुई है, उत्तर भारत के उक्त राज्यों के बाजार में भी आवक घटी है।




     गत दिनों हुई बेमौसम बारिश इसकी वजह बताई जा रही है। बारिश के कारण खेतों से आलू निकालने में किसान को परेशानी हो रही है। दूसरा, बरसात से फसल को भी नुकसान हुआ है। गौरतलब है कि पिछले कुछ दिनों से प्याज की कीमतें 100 रुपये के पार चल रही हैं। ऐसे में आम उपभोक्ताओं के लिए यह दोहरी मार के समान है।




खत्म हुआ पुराना स्टॉक :




      ज्यादातर मंडियों में नए आलू की ही आवक हो रही है, क्योंकि पुराना स्टॉक लगभग समाप्त हो गया है। कीमतें बढ़ने की यह भी एक वजह बताई जा रही है। ऐसे में नए आलू की आवक बढ़ने तक कीमतों में गिरावट की गुंजाइश कम है।




आलू उत्पादन में सबसे अव्वल उत्तर प्रदेश और बंगाल :




      आलू का उत्पादन करने में उत्तर प्रदेश और बंगाल सबसे अव्वल राज्य हैं। ज्यादातर राज्यों में इन्हीं दो प्रदेशों से सबसे ज्यादा सप्लाई की जाती है। पिछले दिनों हुई बारिश से दिल्ली-एनसीआर के साथ ही उत्तर प्रदेश ही सबसे ज्यादा प्रभावित हुआ था, जिसका असर फसल पर पड़ा है।





  • कहा क्या कीमत :-





  1. मध्यप्रदेश में पहले 15 से 20, अब  35

  2. छत्तीसगढ़ में पहले 12 से 15, अब 30 से 35

  3. झारखंड में पहले 12 से 15, अब 30 से 32

  4. दिल्ली-एनसीआर में पहले 12 से 15, अब 30-35

  5. हिमाचल प्रदेश में पहले 15 से 20, अब 40 से 45

  6. पंजाब में पहले 12 से 15, अब 30 से 35

  7. उत्तर प्रदेश में पहले 10 से 15, अब 30 से 35



Comments